अनोखा आयोजन

 


दुबई में ब्लाइंड लड़कियों के लिए प्रिंसेस वर्ल्ड का आयोजन होगा। इस तरह का आयोजन पहली बार हो रहा है। इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस आयोजन में भारत सहित विश्व के 100 देशों से एंट्री का लक्ष्य रखा गया है। अभी 7 से ज्यादा देशों की एंट्री आ चुकी है। सबसे खास बात यह कि जो व्यक्ति इस आयोजन को करवा रहे है वो जन्म से ब्लाइंड है।



प्रिंसेस वर्ल्ड के आयोजक डॉ. समीर मंसूरी (मुंबई) आयोजन की तैयारियों के लिए इंदौर आए। उन्होंने ब्लाइंड बच्चियों से मुलाकात भी की और आयोजन की जानकारी दी। सभी से कहा कि वे तैयारियां करें और ब्लाइंड प्रिंसेस वर्ल्ड में शामिल भी हो। उन्होंने कहा वे भारत के विभिन्न शहरों, प्रदेशों के साथ विश्व के कई देशों में भी जाएंगे और जानकारी देंगे। उन्होंने कहा इस तरह का आयोजन विश्व में पहली बार हो रहा है। इसमें जो ब्लाइंड लड़कियां दुबई आने-जाने का खर्च नहीं उठा पाएंगी, उन्हें आने-जाने और रहने के लिए मदद भी की जाएगी। आयोजन समिति से जुड़े चंद्रशेखर भाटिया ने बताया यह आयोजन संभवत: अगस्त-सितंबर में दुबई में होगा, इसके लिए जल्द तारीख भी तय की जाएगी।



ब्लाइंड बच्चियों को आगे लाने के लिए किया जा रहा है यह आयोजन
डॉ. मंसूरी ने बताया जन्म से वे देख नहीं सकते है, इसलिए वे ऐसे लोगों को आगे ला रहे है कि वे अपने दम पर खड़े हो सकें, कुछ बने। इस तरह के आयोजन के ब्लाइंड बच्चियों को नया प्लेटफार्म मिलेगा। उनके आगे आने के लिए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने कहा हमारा लक्ष्य है कि विश्वभर से इसमें एंट्री शामिल हो। इस आयोजन के बाद सभी देशों में इस तरह के आयोजन भविष्य में करवाए जाएंगे।



पहली बार अहमदाबाद से मुंबई तक का टूर करवाया था 55 बच्चियों को
डॉ. मंसूरी ने बताया इस आयोजन के पहले ब्लाइंड बच्चियों के लिए दो आयोजन वे पहले कर चुके है। 2016 में 55 बच्चियों को अहमदाबाद से मुंबई तक का नि:शुल्क टूर करवाया था। अहमदाबाद से शुरुआत इसलिए की क्योंकि उनका जन्म वहीं का है। इस टूर में सभी के साथ एक-एक परिवार के सदस्य थे। उन्हें प्लेन से मुंबई लाए और घुमाया था। इसके बाद अगले साल-2017 में प्रिंसेस इंडिया का आयोजन मुंबई में करवाया था।